हरदोई: नई बाइक का तेल खत्म होने पर छींटाकशी से भिड़े दो पक्ष, मारपीट में दोनों ओर के लोग घायल
रिपोर्ट:-सौम्य वर्मा
हरदोई। जनपद के थाना पाली क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर में नई मोटरसाइकिल का तेल खत्म होने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 06 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे डायल-112 पर ग्राम बाबरपुर में लड़ाई-झगड़े की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गांव निवासी राजा बाबू पुत्र रावेश नई मोटरसाइकिल लेकर गांव जा रहे थे। इसी दौरान जब वह राजेश कुमार दीक्षित पुत्र सर्वेश कुमार दीक्षित के घर के सामने पहुंचे तो मोटरसाइकिल का तेल खत्म हो गया।
आरोप है कि इस बात को लेकर राजेश कुमार दीक्षित ने राजा बाबू पर छींटाकशी कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं, रावेश की तहरीर के आधार पर थाना पाली में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शाहाबाद श्री संतोष कुमार सिंह ने पुलिस का पक्ष रखते हुए जानकारी दी।




