पिपरसंड गांव में एक ही रात दो घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर।

रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
निंदूरा (बाराबंकी)। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बदोसराय थाना क्षेत्र के पिपरसंड गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और बक्सों व अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने दोनों घरों में घुसकर कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़े और उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो घरों में बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
एक रात में दो घरों को बनाया निशाना
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए छत का रास्ता अपनाया। दोनों घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, मुकदमा दर्ज नहीं
मामले में बदोसराय थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द घटना का खुलासा करने, चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




