
रिपोर्टर :-उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। मालदा–क्यूल रेलखंड पर संचालित मालदा–क्यूल स्पेशल मेमू ट्रेन के संभावित बंद होने की खबर से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन 30 अप्रैल 2026 के बाद बंद हो सकती है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए राजमहल के माननीय विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने मालदा रेल मंडल के डीआरएम को मांग पत्र भेजकर इस ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ट्रेन संख्या 03204/03203 मालदा–क्यूल स्पेशल मेमू बहुत ही कम समय में क्षेत्र की आम जनता, मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों के लिए एक “लाइफलाइन” बन चुकी है। इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिल रही है, विशेष रूप से उन लोगों को जो रोजाना काम या पढ़ाई के लिए यात्रा करते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले इस रेलखंड पर ट्रेनों के बीच चार से पांच घंटे का लंबा अंतराल रहता था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। ऐसे में यह मेमू ट्रेन दोनों दिशाओं में यात्रा के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इसके बंद होने की संभावना से लोगों में चिंता बढ़ गई है और वे इसके निरंतर संचालन की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने डीआरएम से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल मेमू ट्रेन को न केवल जारी रखा जाए, बल्कि इसका विस्तार भी किया जाए ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सके और उन्हें सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुविधा प्राप्त हो सके।
इधर, विधायक की इस पहल को क्षेत्र के लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि यह ट्रेन नियमित रूप से चलती रही, तो इससे पूरे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और दैनिक जीवन से जुड़ी उनकी समस्याएं काफी हद तक कम होंगी।


