जौनपुर: रामपुर में 2.50 कुंतल अवैध पटाखों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्ट: सौम्य वर्मा
जौनपुर। धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से करीब 2 कुंतल 50 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थाना रामपुर पुलिस टीम त्योहारों के दृष्टिगत कस्बे में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा रामपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता पुत्र विक्रमाजीत गुप्ता ने अपने घर में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रखा है और वहीं से उनकी बिक्री भी कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद पटाखा खरीदने वाले लोग बिना नाम-पता बताए चले गए। इसके बाद पुलिस ने मकान में तलाशी ली, जहां हाल में रखी 10 बोरियों से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। बरामद पटाखों का कुल वजन 2 कुंतल 50 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी सुभाष चन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार कर बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर में मु0अ0सं0 223/26, धारा 9बी(1)(बी), विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




