सरकारी कार्यालय बना शराब पार्टी का अड्डा एडीओ कार्यालय के अंदर शराब की बोतलें और नमकीन का वीडियो वायरल, विभाग में मचा हड़कंप।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बुलंदशहर। सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुलंदशहर के पहासू ब्लॉक स्थित एडीओ कार्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कार्यालय के अंदर टेबल पर शराब की बोतलें और नमकीन रखी दिखाई दे रही हैं। इसे लेकर कार्यालय परिसर में कर्मचारियों की कथित शराब पार्टी किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है। सरकारी कार्यालय, जहां जनता अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं से जुड़े कामकाज के लिए पहुंचती है, वहां इस तरह का नजारा सामने आने से कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मामला पहासू ब्लॉक का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय के भीतर शराब की बोतलें कैसे पहुंचीं और क्या वास्तव में कार्यालय में शराब पार्टी हुई थी? फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




