धनतेरस पर रीवां-सीवां के बाजार में छाई रौनक, सजीं देवी-देवताओं की आकर्षक मूर्तियों की दुकानें, खरीदारी को उमड़ी भीड़।

रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
निंदूरा (बाराबंकी)। धनतेरस के पावन पर्व पर विकासखंड निंदूरा क्षेत्र के कस्बा रीवां-सीवां का बाजार दीपावली के रंग में रंगा नजर आया। कस्बे के प्रमुख चौराहे पर सजी मूर्तियों की आकर्षक दुकानों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई, जो दिन चढ़ने के साथ भीड़ में तब्दील हो गई।
धनतेरस के अवसर पर दुकानों पर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर और आकर्षक प्रतिमाएं सजाई गई हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार प्रतिमाओं की खरीदारी करते नजर आए। बाजार में उमड़ी भीड़ और दुकानों पर लगी ग्राहकों की कतारों से पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
त्योहार को लेकर स्थानीय दुकानदारों में भी खासा उत्साह है। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर इस बार अच्छी बिक्री होगी। वहीं, खरीदारी करने पहुंचे लोगों में भी पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कुल मिलाकर धनतेरस पर रीवां-सीवां का बाजार रोशनी, रौनक और खरीदारी की चहल-पहल से गुलजार रहा। बाजार की रौनक ने दीपावली के स्वागत की खुशियों को दोगुना कर दिया।




