महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता: दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से दो माह का अपहृत मासूम सकुशल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार।
रिपोर्ट:-सौम्य वर्मा
महराजगंज। थाना ठूठीबारी क्षेत्र से अपहृत दो माह के मासूम को महराजगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की सुनियोजित योजना का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मासूम की तलाश में पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने महराजगंज से दिल्ली तक सुरागों का पीछा किया और आखिरकार कश्मीरी गेट बस स्टैंड से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों से मासूम की बलि देने की सुनियोजित योजना के संबंध में जानकारी सामने आई। पुलिस ने शिशु का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बरामदगी करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25,000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
