झांसी: बस में यात्रियों के बैग चोरी करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार, 17.06 लाख रुपये फ्रीज।
मऊरानीपुर में 28 अक्टूबर को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल बरामद।
रिपोर्ट-शिवा वर्मा
झांसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस में यात्रा कर रहे यात्री के दो बैग चोरी होने के मामले में झांसी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में संलिप्त एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम में से 17 लाख 6 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस से यात्रा कर रहे वादी के दो बैग चोरी कर लिए गए थे। बैगों में सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से मौके से फरार हो गए थे।
घटना के अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने आठ पुलिस टीमों का गठन किया था। गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया तथा अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया।
नकदी और दस्तावेज बरामद, बैंक खातों में रकम फ्रीज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 1,40,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की पासबुक और बैंक में धनराशि जमा करने से संबंधित ट्रांजेक्शन रसीदें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित की गई चोरी की धनराशि में से 17,06,000 रुपये फ्रीज कराए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने भी घटना के अनावरण और पुलिस कार्रवाई को लेकर जानकारी दी।




