दीपावली से पहले बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 30 किलो पनीर समेत हजारों रुपये का खाद्य पदार्थ नष्ट।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बाराबंकी। दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता की जांच के लिए 10 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इस दौरान करीब 14 हजार रुपये कीमत के खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जिनमें 30 किलो पनीर भी शामिल है।
कार्रवाई के दौरान रामसनेहीघाट क्षेत्र के मुरारपुर में संदिग्ध खाद्य पदार्थों के परिवहन की आशंका पर विभागीय टीम ने एक वाहन का पीछा कर उसे रोककर जांच की। वाहन से दूध, दही, खोया और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। जांच में दूषित पाए जाने पर करीब 9 हजार रुपये कीमत का 30 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
वहीं, सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक्सपायरी डेट की चॉकलेट, रस्क, बादाम, सॉस और कोल्ड ड्रिंक समेत अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई। इसके अलावा देवा मेला, सफेदाबाद और नवाबगंज सहित विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दूध बर्फी, खोया, पेड़ा और पनीर के नमूने भी जांच के लिए संकलित किए गए।
छापेमारी के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने और मिठाइयों में कृत्रिम रंगों का कम से कम इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि दीपावली तक जिले में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा। मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है।




