भगवान श्रीराम पर कथित टिप्पणी से मचा बवाल, विरोध के बाद पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने मांगी माफी, बोले- हिंदू भाइयों से नहीं रखना चाहता कोई मनमुटाव।

रिपोर्ट :- (शिवा वर्मा संपादक)
मुरादाबाद। भगवान श्रीराम को लेकर कथित टिप्पणी के बाद मुरादाबाद की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विवाद बढ़ने और विरोध प्रदर्शनों के बीच पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने 3 नवंबर को हिंदू भाइयों से माफी मांगते हुए अपनी बात रखी। उनके माफी मांगने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
दरअसल, 2 नवंबर को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद की कथित टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया था। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने डॉ. एसटी हसन के फोटो पर कालिख पोतकर अपना विरोध जताया। इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपते हुए पूर्व सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की थी।
विरोध प्रदर्शन के बाद बढ़ते विवाद के बीच डॉ. एसटी हसन ने 3 नवंबर को सामने आकर हिंदू भाइयों से माफी मांगी और अपनी ओर से सफाई पेश की। उन्होंने अपने बयान को लेकर उपजे विवाद पर खेद जताते हुए सौहार्द बनाए रखने की बात कही।
इस पूरे घटनाक्रम ने मुरादाबाद में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गरमा दिया है। एक तरफ राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग उठाई है, तो दूसरी तरफ पूर्व सांसद की माफी के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन के अगले कदम और मामले पर आने वाली प्रतिक्रियाओं पर टिकी हैं।




