ललितपुर: अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।

रिपोर्ट:-शिवा वर्मा
ललितपुर। जनपद में अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ललितपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर उनके कब्जे से विभिन्न प्रकार की अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक साहू पुत्र प्रकाश साहू (करीब 23 वर्ष), निवासी मोहल्ला लक्ष्मीपुरा, थाना कोतवाली, जनपद ललितपुर और अखिलेश नामदेव पुत्र रामकिशोर नामदेव (करीब 40 वर्ष), निवासी पुरानी आईटीआई के पास, गांधीनगर, थाना कोतवाली, जनपद ललितपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने विवेक साहू को मोहल्ला लक्ष्मीपुरा से तथा अखिलेश नामदेव को कोहिनूर गार्डन के पास से गिरफ्तार किया।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली ललितपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। विवेक साहू के विरुद्ध मुकदमा संख्या 1158/26 और अखिलेश नामदेव के विरुद्ध मुकदमा संख्या 1159/26 धारा 5/9 बी(1)(बी), विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ललितपुर संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में की गई।




