ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ने के लिए छात्रों को वितरित किया गया स्मार्टफोन व टेबलेट।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
रामसनेघाट, बाराबंकी। तहसील क्षेत्र के ग्राम छंदवल में गरीब व अनुसूचित जाति के छात्र छात्राओं की निःशुल्क शिक्षा के लिए बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 30 प्रतिशत बच्चों को स्कूल में आमंत्रित कर गरीब परिवारों के छात्र छात्राओं को ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन व टेबलेट वितरित किया गया। जयपुरिया इंस्टीट्यूट गोमती नगर लखनऊ के सामाजिक दायित्व कमेटी की निदेशिका डॉ रीना अग्रवाल एवं इंस्टीट्यूट की निदेशिका डॉ कविता पाठक की अनोखी पहल से इंस्टीट्यूट के प्रबंधन छात्रों द्वारा लोगों से पुराने मोबाइल व टेबलेट दान में प्राप्त कर उन्हें नवीनीकृत कराकर गरीब छात्रों को उपलब्ध कराया गया। स्कूल के प्रबंधक रत्नेश कुमार ने चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल में ध्वजारोहण किया और गणतंत्र दिवस की बधाई दी तथा छात्रों को मोबाइल व टेबलेट वितरित कर उन्हें ऑनलाइन शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। रत्नेश कुमार ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से सबसे ज्यादा बुरा प्रभाव गांव के गरीब बच्चों की शिक्षा पर पड़ा है। जिन परिवारों में स्मार्टफोन नही हैं उनके बच्चे ऑनलाइन शिक्षा से दूर हैं।
हमारा प्रयास है कि गांव के गरीब बच्चों को भी ऑनलाइन शिक्षा सुलभ हो इसलिए पुराने मोबाइल टैबलेट का दान लेकर जरूरतमंद छात्रों को उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रथम लाट में कक्षा एक से पांच तक प्रत्येक कक्षा में दो-दो छात्रों को मोबाइल व टेबलेट उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, शिक्षक वीरेंद्र कुमार, वंदना वर्मा, पूनम देवी, सरिता यादव, शारदा रावत, अनिता, सरोज, जियालाल, सरस्वती सहित दर्जनों अभिभावक उपस्थित रहे।




