मिर्जापुर में तेंदुए का खूनी हमला! वृद्ध पशुपालक को 10 मिनट तक नोचता रहा, महिला वन वाचर ने लाठी लेकर बचाई जान।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश। जिले के हलिया थाना क्षेत्र के गंगहर जंगल में तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई। भैंस चराने गए एक वृद्ध पशुपालक पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए ने वृद्ध को जमीन पर गिराकर करीब 10 मिनट तक बुरी तरह नोचा।
वृद्ध पशुपालक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची महिला वन वाचर ने अदम्य साहस का परिचय दिया। महिला वन वाचर ने बिना अपनी जान की परवाह किए हाथ में लाठी लेकर तेंदुए को खदेड़ना शुरू कर दिया। उसके साहस और सूझबूझ के चलते तेंदुआ मौके से भाग गया और वृद्ध पशुपालक की जान बच सकी।
तेंदुए के हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, अपनी बहादुरी से वृद्ध की जान बचाने वाली महिला वन वाचर की हिम्मत और साहस की चर्चा हो रही है।




