ढकौली में गूंजा मां दुर्गा का जयकारा, महिला समूह ने पूरी रात किया देवी जागरण।
नवमी पर सामूहिक देवी पूजन, हवन और कन्या भोज; मंगलवार को निकलेगी प्रतिमा विसर्जन यात्रा, प्रतीकात्मक रावण दहन के साथ होगा महोत्सव का समापन।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बाराबंकी। औद्योगिक क्षेत्र सोमैया नगर, देवा रोड स्थित ग्राम ढकौली में श्री दुर्गा पूजा समिति के संयोजक मनोज विद्रोही के नेतृत्व में पांच दिवसीय 18वां नवरात्र महोत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान मां दुर्गा की आराधना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर है।
महोत्सव के अंतर्गत गत रात्रि महिला समूह की ओर से भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया। शिवसेना नेता मीरा श्रीवास्तव, पूनम मिश्रा सहित अन्य महिलाओं ने पूरी रात मां दुर्गा का गुणगान किया और भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से जोड़कर रखा। प्रथम पहर में तारा रानी की कथा के साथ जागरण का समापन हुआ।
समिति संयोजक मनोज विद्रोही ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को महानवमी के अवसर पर सुबह महिलाओं द्वारा सामूहिक देवी पूजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम को हवन-पूजन और कन्या भोज का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सुबह 11 बजे गाजे-बाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन यात्रा चिलहटा घाट, रेठ नदी के लिए रवाना होगी। वहीं, शाम आठ बजे पूजन स्थल के सामने प्रतीकात्मक रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ ही पांच दिवसीय नवरात्र महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सामाजिक सहभागिता का माहौल देखने को मिल रहा है।




