फतेहपुर-रामनगर रोड पर हादसा, घायल की जेब से ₹28,330 निकालने का आरोप; डायल 112 बनी मददगार।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा
बाराबंकी। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मदद करने के बजाय उसकी जेब से हजारों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। हालांकि, डायल 112 की सतर्कता और तत्परता से मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर निकाले गए ₹28,330 रुपये घायल के ऊपर फेंक दिए गए। पुलिस टीम ने घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की।
मामला कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के फतेहपुर-रामनगर रोड स्थित बाबा मैरिज लॉन के सामने का है। जानकारी के मुताबिक, जगसेड़ा, फतेहपुर निवासी हरिश्चंद्र पुत्र राजा राम चौहान को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे देवखरिया पुरवा निवासी विजय कुमार गौतम पुत्र रामनाथ गौतम पर आरोप है कि उन्होंने घायल की मदद करने के बजाय उसकी जेब से 28,330 रुपये निकाल लिए।
इसी बीच डायल 112 की पीआरवी 8652 टीम मौके पर पहुंच गई। टीम में उपनिरीक्षक बैद्यनाथ गौड़, महिला कांस्टेबल मानसी प्रजापति, महिला कांस्टेबल अंजली सिंह और चालक अनिल कुमार यादव शामिल थे। पुलिस टीम ने विजय कुमार गौतम को पकड़कर पूछताछ शुरू की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसने घायल की जेब से निकाले गए रुपये उसके ऊपर फेंक दिए।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल हरिश्चंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), फतेहपुर भिजवाया, ताकि उसे समय पर उपचार मिल सके।
घटना के दौरान पुलिस टीम की सक्रियता और घायल को अस्पताल पहुंचाने की तत्परता चर्चा का विषय बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 के पुलिसकर्मियों की सराहना की। हादसे के बाद घायल की मदद और मौके पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपातकालीन पुलिस सेवा की भूमिका को सामने ला दिया।




