कन्नौज में सड़क हादसे में सिपाही की मौत, बहन की मंगनी से दो दिन पहले उजड़ गई खुशियां।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कन्नौज। बहन की मंगनी की खुशियों के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कन्नौज में सड़क हादसे में पुलिस सिपाही विकास प्रताप सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी बहन की मंगनी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सौरिख थाना क्षेत्र के खड़नी निवासी विकास प्रताप सिंह मोटरसाइकिल से अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
विकास प्रताप सिंह वर्ष 2025 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में अयोध्या में तैनात थे। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दुखद है, क्योंकि उनकी दो बहनों के बीच वह इकलौते भाई थे। उनकी बहन की मंगनी का कार्यक्रम महज दो दिन बाद होना था। घर में जहां मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम छा गया है।
बहन की मंगनी में शामिल होने की उम्मीद लेकर घर लौट रहे विकास अब कभी वापस नहीं आएंगे। जिस घर में खुशियों की तैयारी हो रही थी, वहां भाई की मौत की खबर से हर आंख नम है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।




