बाराबंकी में वन माफियाओं का जंगलराज! ठंड शुरू होते ही प्रतिबंधित पेड़ों पर चलने लगा आरा, वन विभाग की खामोशी पर उठे गंभीर सवाल!
फतेहपुर वन रेंज में लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद, सुबह 4 बजे से ही पेड़ों की कटान का खेल शुरू! रेलवे स्टेशन रोड और भगौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व पिकअप से हो रही लकड़ी की ढुलाई।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के वन रेंज फतेहपुर क्षेत्र में कथित वन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद बताए जा रहे हैं कि ठंड का मौसम शुरू होते ही प्रतिबंधित पेड़ों की कटान का खेल तेज हो गया है। आरोप है कि इलाके में सुबह करीब 4 बजे से ही आरे की आवाज गूंजने लगती है और पेड़ों को काटकर लकड़ियों की ढुलाई का सिलसिला शुरू हो जाता है।
स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे आरोपों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन रोड और भगौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा पिकअप वाहनों के जरिए लकड़ियां भरकर ले जाई जा रही हैं। सुबह के अंधेरे का फायदा उठाकर कथित तौर पर अवैध कटान और लकड़ी परिवहन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है।
सबसे बड़ा सवाल वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर खड़ा हो रहा है। आखिर इतनी सुबह पेड़ों की कटान और वाहनों से लकड़ी की ढुलाई हो रही है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही? क्या वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त नहीं कर रही या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही?
अगर इन आरोपों में सच्चाई है तो यह पर्यावरण और सरकारी प्रतिबंधों दोनों के साथ खिलवाड़ है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद से जागते हैं या फिर वन माफियाओं का कथित खेल इसी तरह जारी रहता है।
बड़ा सवाल: क्या फतेहपुर वन रेंज में प्रतिबंधित पेड़ों की कटान पर वन विभाग लगाएगा लगाम, या फिर लकड़ी माफियाओं के हौसले यूं ही बुलंद रहेंगे?




