चंदौली में शराब तस्करी का भंडाफोड़! अर्टिगा कार से 216 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।

रिपोर्ट:-शिवा वर्मा (संपादक)
चंदौली। उत्तर प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अर्टिगा कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 216 लीटर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, चंदौली-सैयदराजा मार्ग पर अशोक भाई के फैमिली ढाबे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से GRAND PARTY ब्रांड की 25 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इन पेटियों में कुल 216 लीटर शराब थी।
पुलिस के मुताबिक, शराब के टेट्रा पैक पर ONLY FOR CHANDIGARH अंकित मिला, जिससे शराब की खेप चंडीगढ़ से लाए जाने की बात सामने आई। मौके से पुलिस ने रामपुर निवासी राज अभिषेक और संजय को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार में बेचने की बात बताई। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।




