कासगंज में हाईवे किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप, बीयर कैन के बारकोड से मिला बदायूं का सुराग
चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान, सुबह दौड़ने निकले युवकों ने देखा शव तो पुलिस को दी सूचना। एसपी समेत अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में मथुरा-बरेली बाईपास पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे करीब 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। महिला का शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया महिला की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह कुछ युवक हाईवे किनारे दौड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े महिला के शव पर पड़ी। युवकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
महिला के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ओम प्रकाश सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बीयर की कैन के बारकोड से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान घटनास्थल से मिली बीयर की कैन के बारकोड के जरिए पुलिस को बदायूं जिले के सहबाजपुर का सुराग मिला है। पुलिस इस सुराग के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जनपदों में भी महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे किनारे महिला का शव मिलने और बारकोड से बदायूं का सुराग मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिला कौन थी और उसकी मौत के पीछे किसका हाथ है?




