बदनामी के डर ने बनाया हैवान, महिला के बाद 8 साल के मासूम को भी उतारा मौत के घाट, 10 दिन बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बदायूं, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से रिश्तों, भरोसे और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। महिला से छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध करना उसकी जान पर भारी पड़ गया। इतना ही नहीं, आरोपी की करतूत को 8 साल के मासूम बच्चे ने देख लिया तो उसने अपनी करतूत छिपाने के लिए मासूम को भी मौत के घाट उतार दिया।
मामला बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम कान्हा नगला का है, जहां हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी थीं। आखिरकार करीब 10 दिन की जांच-पड़ताल के बाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया गया।
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली में सिलाई का काम करता था और नशे का भी आदी था। पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा छेड़छाड़ का विरोध किए जाने और बाद में 8 वर्षीय मासूम के घटना देख लेने के डर से आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया खुलासा
एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे में थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।
इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। महज अपनी करतूत छिपाने और बदनामी के डर से एक आरोपी ने दो जिंदगियां खत्म कर दीं। कान्हा नगला गांव में हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।




