
राजमहल में उपायुक्त का निरीक्षण, स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश।
रिपोर्टर :-उज्जवल कुमार साहा,
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने शनिवार को राजमहल प्रखंड के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विकास योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया।
अनुमंडल अस्पताल निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों, वार्ड, लैब एवं इमरजेंसी सेवाओं की समीक्षा की। अस्पताल में MGPS विस्तार और डिजिटल एक्स-रे मशीन की आवश्यकता पर उन्होंने शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में उपायुक्त ने छात्राओं के भोजन, उपस्थिति, पढ़ाई एवं खेल गतिविधियों की जांच की। निरीक्षण में कुछ उपकरण खराब एवं संसाधनों की कमी पाई गई, जिस पर जल्द सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्राओं के लिए कृषि विषय की किताबें उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
विकास योजनाओं की समीक्षा में कौशल विकास केंद्र, आर्ट एंड क्राफ्ट मार्केटप्लेस और मंगलहाट विद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण कर उनके प्रयासों की सराहना की।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।




