पत्नी प्रेमी संग फरार, तो साली से शादी की जिद पर अड़ा जीजा।
पानी की टंकी पर चढ़कर दी कूदने की धमकी, तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में रिश्तों को हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पत्नी के प्रेमी के साथ चले जाने के बाद एक युवक अपनी ही साली से शादी करने की जिद पर अड़ गया। साली ने जब शादी करने से साफ इनकार कर दिया तो युवक उसे मनाने के लिए पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया और शादी न होने पर नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
युवक के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक लगातार साली से शादी कराने की जिद पर अड़ा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब तीन घंटे तक पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए मशक्कत करती रही। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार पुलिस ने युवक को सकुशल पानी की टंकी से नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि पत्नी के प्रेमी के साथ चले जाने के बाद युवक अपनी साली से शादी करना चाहता था लेकिन साली के इनकार करने पर उसने यह कदम उठाया।
पूरा मामला कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पूराराय गांव का है। घटना के दौरान गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा चर्चा का विषय बना रहा।




