
एसआईआर को लेकर झामुमो की जिलास्तरीय बैठक, बीएलए की भूमिका पर जोर।
रिपोर्टर :-उज्जवल कुमार साहा,
साहिबगंज। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय कमेटी के निर्देशानुसार शनिवार को प्रखंड के रामसर साइट सह पतौड़ा झील में जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल लोकसभा सांसद विजय हांसदा, राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन एवं बोरियो विधायक धनंजय सोरेन शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिप अध्यक्ष मोनिका किस्कू, नगर अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ, प्रो. नजरुल इस्लाम सहित कई नेता उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक गीत, अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया गया।
बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का चयन किया गया है, जो लोगों को एसआईआर प्रक्रिया, आवश्यक कागजात और नाम सुधार/जोड़ने की जानकारी देंगे।
सांसद विजय हांसदा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है। वहीं विधायक धनंजय सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो रही है, लेकिन पार्टी इसका विरोध करेगी।
विधायक मो. ताजुद्दीन ने कहा कि बैठक का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को एसआईआर से जुड़ी जिम्मेदारियों से अवगत कराना है, ताकि आम लोगों तक सही जानकारी पहुंच सके।
बैठक में झामुमो जिला सचिव सुरेश टुडू, संजय गोस्वामी, संजीव सामू हेंब्रम, बसंती हांसदा, अयूब अली समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेताओं ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रखंड और पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।



