महोबा में खुलेआम गांजे का कारोबार! कैमरे में कैद हुई बिक्री, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
महोबा। जिले में अवैध गांजे की बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र में खुलेआम गांजा बेचे जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो कस्बे के बस स्टैंड के पास का बताया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति गांजा बेचता दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
मामले को लेकर पुलिस महकमे में कथित मिलीभगत के आरोप भी चर्चा में हैं। स्थानीय स्तर पर कारखासों की तिकड़ी पर गांजे के अवैध कारोबार को संरक्षण देने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, कथित मासिक एंट्री के बदले गांजे की बिक्री बेरोकटोक चलने की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से गांजे की बिक्री को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन अब वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के दावों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुलेआम गांजे की बिक्री के आरोपों पर पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं? क्या वायरल वीडियो की जांच कर अवैध कारोबार में शामिल लोगों और कथित संरक्षण देने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा?
पूरा मामला कुलपहाड़ कोतवाली कस्बे के बस स्टैंड के पास का बताया जा रहा है।




