यातायात माह में श्रेया यादव और दिव्यांशी राज की अनोखी पहल, बाइक सवारों को दिया हेलमेट पहनने का संदेश।

रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
निंदूरा (बाराबंकी)। यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विकासखंड निंदूरा क्षेत्र के कस्बा बड्डूपुर में दो बेटियों ने अनोखी पहल की। श्रेया यादव और दिव्यांशी राज ने बाइक सवारों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया।
हिदायतपुर निवासी अंकुज यादव की पुत्री श्रेया यादव और असोहना निवासी कृष्णपाल सिंह की पुत्री दिव्यांशी राज ने सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि घर से निकलने से पहले हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी कभी-कभी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
दोनों ने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि अनमोल जिंदगी की सुरक्षा का कवच है। सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
उन्होंने बाइक सवारों से अपील की कि खुद भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
दो बेटियों की इस जागरूकता पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनका संदेश साफ है कि हेलमेट पहनें, यातायात नियम अपनाएं और सुरक्षित अपने घर लौटें।




