कन्नौज में हत्यारोपी के घर पर चला बाबा का बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण शुरू।
हत्याकांड के बाद अब आरोपी के मकान पर प्रशासनिक कार्रवाई, भारी सुरक्षा के बीच बुलडोजर से ध्वस्तीकरण जारी।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कन्नौज। अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में अब हत्यारोपी अमोल दीक्षित के घर पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। छिबरामऊ स्थित आरोपी के मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल के साथ एक प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद नगरपालिका की जांच में मकान के कुछ हिस्से का निर्माण कॉर्नर की जगह पर अतिक्रमण करके किए जाने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर मकान के अतिक्रमित हिस्से को ढहाने की कार्रवाई की जा रही है।
हत्यारोपी अमोल दीक्षित कांग्रेस नेता बताया जा रहा है। उसके घर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है। किसी संभावित विरोध को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि दीपावली से ही आरोपी के मकान में ताला लगा हुआ है।
गौरतलब है कि दीपावली की शाम अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही मामला सुर्खियों में है। अब हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने से इलाके में हलचल तेज हो गई है।




