केंद्र सरकार गेहूं के बाजार मूल्य पर कड़ी नजर रख रही है
आरएमएस 2024 में 112 मिलियन मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन, पर्याप्त गेहूं स्टॉक उपलब्ध
गेहूं के आयात पर शुल्क संरचना में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं: खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग गेहूं के बाजार मूल्य पर कड़ी नजर रख रहा है। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर उचित हस्तक्षेप किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बेईमान तत्वों द्वारा जमाखोरी न हो और कीमत स्थिर रहे।
आरएमएस 2024 के दौरान, विभाग ने 112 मिलियन मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन की सूचना दी है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने आरएमएस 2024 के दौरान 11.06.2024 तक लगभग 266 एलएमटी गेहूं खरीदा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की आवश्यकता को पूरा करने के बाद, जो लगभग 184 एलएमटी है, आवश्यकता पड़ने पर बाजार में हस्तक्षेप करने के लिए गेहूं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा।
बफर स्टॉकिंग मानदंड वर्ष की प्रत्येक तिमाही के लिए अलग-अलग होते हैं। 1 जनवरी, 2024 तक, गेहूं का स्टॉक 138 एलएमटी के निर्धारित बफर मानदंड के मुकाबले 163.53 एलएमटी था। गेहूं का स्टॉक कभी भी तिमाही बफर स्टॉक मानदंडों से नीचे नहीं गया है। इसके अलावा, वर्तमान में, गेहूं के आयात पर शुल्क संरचना में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।




