स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायत बीबीपुर नकटौली में ध्वजारोहण, बच्चों व बुजुर्गों को खिलाई मिठाई।

रिपोर्ट -अंकित वर्मा
निंदूरा बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बीबीपुर नकटौली में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार वर्मा (लाला) ने ग्राम पंचायत परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित ग्रामीणों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार वर्मा ने ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। हमें अपने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद ग्राम प्रधान द्वारा गांव के बच्चों, बुजुर्गों एवं उपस्थित ग्रामीणों को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश के प्रति प्रेम और समर्पण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। ग्राम पंचायत के लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर आपसी सौहार्द एवं एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया।



