
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। सकरीगली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विद्यार्थी स्टोन कार्यालय में शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को प्रबंधन पक्ष और यूनियन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की निगरानी जिला अध्यक्ष प्रीतम कुमार पीयूष एवं केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव की मौजूदगी में की गई, जिसमें मजदूरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और अंततः आपसी सहमति से समझौता संपन्न हुआ।
बैठक के बाद मजदूरों ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। यूनियन और प्रबंधन के बीच हुए समझौते के तहत मजदूरों को अब न्यूनतम ₹4100 मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा कामगारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोडिंग स्थल पर मिट्टी का समतलीकरण (लेवलिंग) कराया जाएगा, जिससे कार्य में सहूलियत मिल सके।
समझौते में यह भी तय हुआ कि प्रत्येक वर्ष प्रति वैगन ₹200 की बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे मजदूरों की आय में क्रमिक वृद्धि सुनिश्चित हो सके। साथ ही, मजदूरों के लिए पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा और बीमा (इंश्योरेंस) की व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रबंधन और यूनियन दोनों की संयुक्त भूमिका रहेगी।
इस मौके पर इमाम विश्वास, फूल कुमारी देवी, मिथुन कुमार यादव, मुन्ना कुमार यादव, विजय यादव, शिव जतन मंडल, गोपाल उरांव, रतन मंडल, मुन्ना यादव, दिलीप चौधरी, अनिल मंडल, राकेश महतो, मिथुन यादव, भोला यादव, संजय रजक, जितेन रजक सहित कई मजदूर एवं यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस समझौते से क्षेत्र के मजदूरों में संतोष का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि आगे भी इसी तरह संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।



