
रिपोर्ट मोबीन मंसूरी
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नसरापुर निवासी युवती ने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर शरीरिक सम्बन्ध बनाने व उसके अब दूसरी जगह बारात ले जाने के आरोप लगाए हैं। गौरतलब है कि सोमवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नसरापुर निवासी युवती सदर कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके गांव के युवक से उसका काफी समय पहले से प्रेम सम्बन्ध है। युवक और उसके परिजनों की ओर से करीब 6 महीने पहले शादी का प्रस्ताव रखा गया था। जिसमें युवती के परिजनों ने वरीक्षा के तौर पर एक लाख रुपए भी दिए थे। जिसके बाद से दोनों एक-दूसरे के साथ पति-पत्नी के रूप में रहने लगे थे। युवती का आरोप है कि उसे झांसा देकर युवक आज किसी और से शादी करने के लिए बारात ले जा रहा है। बारात की तैयारियां चल रहीं हैं। ऐसे में पीड़िता ने प्रेमी की शादी रुकवाने की पुलिस से गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने युवती को सम्बंधित पुलिस चौकी भेज दिया है।



