बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: मुंबई कमाने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, तीन की दर्दनाक मौत, पांच घायल।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। रोजगार की तलाश में मुंबई जाकर अपने परिवार का भविष्य संवारने का सपना लेकर निकले लोगों को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। बाराबंकी में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोग रोजगार की तलाश में मुंबई जाने के लिए निकले थे। सभी लोग फतेहपुर से ई-रिक्शा में सवार होकर बाराबंकी रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र में सलारपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल पांच अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। उधर, तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया।
जिस मुंबई में रोजगार की तलाश में पहुंचकर परिवार की जिंदगी संवारने का सपना देखा था, वहां तक पहुंचने से पहले ही तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। हादसे ने कई परिवारों की उम्मीदों और खुशियों को हमेशा के लिए गहरे दुख में बदल दिया।




