सीतापुर में भाई दूज पर मातम: शारदा नदी में डूबी 7 वर्षीय मासूम काजल का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, SDRF ने संभाला मोर्चा।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
सीतापुर। भाई दूज के पावन पर्व पर ननिहाल आई सात वर्षीय मासूम काजल के साथ ऐसा हादसा हुआ कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। शारदा नदी में डूबी बच्ची का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। मासूम की तलाश में अब SDRF की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। नाव और स्टीमर की मदद से नदी में कई किलोमीटर तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रेउसा थाना क्षेत्र के कलिका सिंह पुरवा मजरा रामुआपुर निवासी बृजकिशोर भार्गव की सात वर्षीय बेटी काजल देवी भाई दूज का त्योहार मनाने अपने नाना के घर तंबौर थाना क्षेत्र के रतनगंज गांव आई थी। बुधवार दोपहर करीब दो बजे काजल गांव के पास शारदा नदी के किनारे पहुंच गई। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई और तेज धारा में बह गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर स्थानीय पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका। इसके बाद SDRF की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक, बच्ची की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च अभियान चला रही है।
उधर, मासूम काजल के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन नदी किनारे बैठकर अपनी लाडली की सकुशल बरामदगी की आस लगाए हुए हैं। पूरे गांव में भी शोक और चिंता का माहौल है।




