जालौन में जुए के अड्डे पर पुलिस का बड़ा छापा, 6 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार; 1.17 लाख रुपये नकद बरामद।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
जालौन। जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जुए के अड्डे पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 17 हजार 100 रुपये की नकदी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, एट थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पचोखरा गांव में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। अचानक पुलिस टीम को सामने देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर छह लोगों को मौके से दबोच लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के कब्जे से जुए में लगाई गई 1,17,100 रुपये की नकदी बरामद की। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। एट थाना पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




