नोएडा में बर्थडे पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष, 25 वर्षीय अमित की मौत; स्कूटी टकराने से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
नोएडा। नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र में नया बांस गांव के पास स्थित एक पार्क में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 25 वर्षीय अमित की जान चली गई, जबकि शिवम नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, पार्क में कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी युवक के पैर से टकरा गई, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी।
इस दौरान 25 वर्षीय अमित के सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, शिवम नाम का एक अन्य युवक भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जन्मदिन की खुशियों के बीच मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत की वजह बन गया।
