हापुड़ में शाही अंदाज में हुई दुल्हन की विदाई, हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हन; नजारा देखने उमड़ा जनसैलाब।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दूल्हा अपनी दुल्हन को डोली या लग्जरी कार से नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से विदा कराकर अपने साथ ले गया। आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस खास पल को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ से दूल्हा हीरा राणा बारात लेकर हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के देहरा गांव पहुंचा था। यहां पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ शादी की रस्में संपन्न हुईं। लेकिन इस शादी की सबसे खास बात रही दुल्हन की हेलीकॉप्टर से विदाई, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
बताया जा रहा है कि दूल्हे हीरा राणा ने अपनी दादी का वर्षों पुराना सपना पूरा करने के लिए दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराने का संकल्प लिया था। शादी के बाद उसने अपने इस संकल्प को पूरा करते हुए हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई कराई।
जैसे ही हेलीकॉप्टर से विदाई की तैयारी शुरू हुई, वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उत्साहित नजर आया। हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी तो पूरा माहौल उत्साह और खुशियों से गूंज उठा।
दादी के सपने को पूरा करने की इस अनूठी पहल ने शादी को खास बना दिया। अब यह शाही विदाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।




