अलीगढ़ में रिटायर्ड FCI मैनेजर के बंद मकान में 15 लाख से अधिक की चोरी, दिवाली पर गांव गया था परिवार; चोरों ने घर खंगालकर उड़ाए सोने-चांदी के जेवर।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
अलीगढ़। दिवाली के त्योहार पर घर बंद छोड़कर गांव जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। गांधी पार्क थाना क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड FCI मैनेजर के बंद मकान को निशाना बनाकर 15 लाख रुपये से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के ताले और अलमारियां तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी समेट ले गए।
जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड FCI मैनेजर का परिवार दिवाली मनाने के लिए बुलंदशहर के अनूपशहर स्थित अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान सूने मकान पर नजर रख रहे चोरों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला। चोरों ने ताले और अलमारियां तोड़कर करीब 10 तोला सोना, लगभग 250 ग्राम चांदी के आभूषण और 18 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान चोरों ने घर में रखे ड्राईफ्रूट भी खाए और बीड़ी पी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से फरार हो गए। परिवार के घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय इलाका पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
दिवाली के दौरान हुई इस बड़ी चोरी की वारदात से इलाके के लोगों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।



