आगरा-मथुरा हाईवे पर दर्दनाक हादसा! करवा चौथ की खुशियां मातम में बदलीं, मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
आगरा। आगरा-मथुरा हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। अरतौनी के पास सड़क पार कर रही एक महिला और उसके महज दो साल के मासूम बेटे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
करवा चौथ की खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, अरतौनी निवासी मंजू पत्नी आकाश अपने परिवार के साथ करवा चौथ की खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आगरा-मथुरा हाईवे पर सड़क की रेलिंग में बने कट से सड़क पार करते समय कार ने मां और दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में मंजू और उनके दो वर्षीय बेटे वंश की जान चली गई, जबकि बेटी आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई।
त्योहार की खुशियों के बीच पसरा मातम
करवा चौथ की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। मां और मासूम बेटे की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाईवे पर सड़क पार करना बना जानलेवा
हादसे ने हाईवे पर सड़क पार करने
के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलिंग के कट से सड़क पार करते समय हुई यह टक्कर एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।
फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार से ठीक पहले मां और मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




