बिजली की समस्या से परेशान किसान ने बनाया ट्रैक्टर चालित विद्युत उपकरण, ललित वर्मा ने दिखाई हुनर की मिसाल

रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
निंदूरा बाराबंकी। तहसील फतेहपुर क्षेत्र के बड्डूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम औलियापुर निवासी किसान ललित वर्मा ने बिजली की समस्या से परेशान होकर ऐसा विद्युत उपकरण तैयार किया है, जिसे ट्रैक्टर की मदद से संचालित किया जा सकता है। किसान के इस नवाचार ने क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। किसान ललित वर्मा का कहना है कि खेती-किसानी के दौरान बिजली की अनियमितता के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या का समाधान तलाशते हुए उन्होंने अपनी तकनीकी समझ और अनुभव का इस्तेमाल कर ट्रैक्टर चालित विद्युत उपकरण तैयार किया।
यह उपकरण ट्रैक्टर से संचालित होकर विद्युत संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है। किसान द्वारा तैयार किए गए इस उपकरण को देखकर आसपास के ग्रामीण भी उनके हुनर की सराहना कर रहे हैं। ललित वर्मा ने बताया कि किसान अगर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं प्रयोग और नवाचार करें तो खेती को आसान बनाने के साथ-साथ समय और संसाधनों की भी बचत की जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्र के एक किसान द्वारा सीमित संसाधनों में तैयार किया गया यह उपकरण स्थानीय स्तर पर किसानों की जुगाड़ तकनीक और नवाचार की मिसाल बनकर सामने आया है। अब लोगों को उम्मीद है कि इस उपकरण को और बेहतर रूप देकर खेती-किसानी में इसका व्यापक उपयोग किया जा सकेगा।




