पटेल महिला महाविद्यालय में तुलसी जयन्ती एवं मानस गायन प्रतियोगिता।
अवध भारती संस्थान द्वारा आयोजित तुलसी जयंती पखवारा अंतर्गत प्रिंसिपल डॉ ऊषा चौधरी के नेतृत्व में डॉ श्याम सुंदर दीक्षित, डॉ विनयदास व प्रदीप सारंग ने रखे विचार

रिपोर्ट :- आकांक्षा वर्मा
बाराबंकी। तुलसीदास आर्ष कवि हैं वे सामाजिक कल्याण के लिए रचना करते हैं इसीलिए उनका रामचरित मानस लोकमंगल का आधार ग्रन्थ है जो हर अध्येता का उद्धार करता है। रामचरित मानस की पंक्तियां मात्र गायन के लिए नहीं अपितु वे अपने जीवन में उतारने के लिए हैं।
उक्त उद्गार मुंशी रघुनंदन प्रसाद सरदार पटेल महिला महाविद्यालय में तुलसी जयन्ती पखवाड़ा के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता डॉ श्यामसुन्दर दीक्षित ने व्यक्त किए। उन्होंने रामचरितमानस के अयोध्याकाण्ड की सांगोपांग व्याख्या प्रस्तुत की।
डॉ विनयदास ने कहा कि अवधी का साहित्य क्षेत्र अत्यन्त व्यापक होने पर भी विडम्बना यह है कि हम अपनी लोकभाषा की थाती को संजोने में असफल रहे हैं। रामचरित मानस और तुलसीदास का अध्ययन भी इसी चिन्ता से जुड़ा हुआ विषय है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी लोकभाषा अवधी में रचित रामचरितमानस को मात्र श्रद्धा-भक्ति की भावना से जुड़ा धार्मिक ग्रन्थ न मानकर उसका तार्किक अध्ययन कर उसे आत्मसात् करें।
अवध भारती संस्थान के सचिव साहित्यकार प्रदीप सारंग ने कहा कि तुलसीदास ऐसे साहित्यकार हैं जिन्हें सबसे ज्यादा सामाजिक तिरस्कार झेलना पड़ा। उस समय साहित्य क्षेत्र में संस्कृत भाषा का प्रभुत्व था परन्तु तुलसीदास ने लोकभाषा को साहित्य का माध्यम बनाया। जिससे उन्हें सामाजिक रूप से बहुत प्रताड़ित किया गया। परन्तु उन्होंने निर्भीक रहकर लोकभाषा में साहित्य सृजन किया। यह एक युग प्रवर्तक साहित्यकार का वह साहसिक कदम था जिसने साहित्य के लिए नया मार्ग प्रशस्त किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ ऊषा चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि तुलसीदास जी स्वयं में एक पूरा संस्थान है, उनको जानना पूरे जीवन को समझना है। रामचरित मानस में भी जो आदर्श चरित्र उन्होंने प्रस्तुत किए उनसे यदि सीख लेकर हम उन शिक्षाओं को अपने जीवन में लागू करें तो बहुत कुछ अर्जित कर सकते हैं।
यह कार्यक्रम अवध भारती संस्थान तथा महाविद्यालय के हिन्दी विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित कराया गया।
इस अवसर पर रामचरित मानस की काव्य पंक्तियों की सस्वर गायन की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें विजेता छात्राओं में अवी सिंह ने प्रथम पुरस्कार, खुशी मिश्रा ने द्वितीय एवं मानसी से तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
हिन्दी विभाग की प्रवक्ता स्वप्निल श्रीवास्तव के विद्वतापूर्ण संचालन में सम्पन्न तुलसी जयन्ती में अंजली प्रजापति ने सरस्वती वन्दना द्वारा कार्यक्रम का प्रारंभ किया। खुशी मिश्रा, अनन्या वर्मा, पलक सिंह ने तुलसीदास जयन्ती से सम्बन्धित सुन्दर पोस्टर बनाकर एवं महक तथा खुशबू ने अनेक रंगोली बनाकर परिसर की साज-सज्जा की।




