
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्यारपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पियारपुर परिसर में छात्रों एवं ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शेड, शीतल पेयजल व्यवस्था एवं साइकिल स्टैंड का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू, प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, थाना प्रभारी अमर मिंज, मुखिया मो आजाद शेख एवं समाजसेवी काजू मल्लिक द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू जी ने कहा कि पंचायत के मुखिया की सकारात्मक पहल से यह महत्वपूर्ण व्यवस्था संभव हो सकी है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीणों एवं खासकर विद्यालय के छात्रों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में शीतल पेयजल की सुविधा छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, वहीं साइकिल स्टैंड बनने से छात्रों को अपनी साइकिल सुरक्षित रखने में सुविधा होगी।
मुखिया मो आजाद शेख ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बेहतर माहौल के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास आवश्यक है, जिस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को काफी सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को भी लाभ प्राप्त होगा। समारोह में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




