तीनपहाड़ लोगाई गांव में बकरी खेत में घुसने पर जान लेवा प्रहार,लाठी के प्रहार से किशोर का सिर फटा।

तीनपहाड़ लोगाई गांव में बकरी खेत में घुसने पर जान लेवा प्रहार,लाठी के प्रहार से किशोर का सिर फटा।
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लोगाई गांव में रविवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। महज बकरी द्वारा केले का पौधा चबाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक 27 वर्षीय युवक ने 15 वर्षीय किशोर पर लाठी से जानलेवा हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घायल किशोर की पहचान मधुसूदन दास के पुत्र सूरज दास के रूप में हुई है।
विवाद की जड़: खेत में घुसी बकरियां
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिंटू दास (27 वर्ष) की मां अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान बकरियां सूरज दास के खेत में घुस गईं और वहां लगे केले के पौधों को नुकसान पहुंचाने लगीं। जब सूरज ने अपनी चाची (पिंटू की मां) को आवाज देकर बकरियों को वहां से हटाने को कहा, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
गाली-गलौज और जानलेवा हमला
शोर सुनकर पिंटू दास मौके पर पहुंचा और सूरज के साथ अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते आवेश में आकर पिंटू ने लाठी से सूरज के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। हमले के बाद सूरज लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में उपचार जारी स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। परिजनों ने आनन-फानन में घायल सूरज को अनुमंडलीय सदर अस्पताल, राजमहल में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि छोटी सी बात को आपसी समझदारी से सुलझाया जा सकता था, लेकिन युवक के गुस्से ने एक किशोर की जान जोखिम में डाल दी।




