
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। उधवा प्रखंड अंतर्गत केलाबाडी में शुक्रवार को पारंपरिक एवं ऐतिहासिक बंसी मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आदरणीय विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू शामिल हुए। उनके पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, केलाबाडी के बनियाडीह में यह बंसी मेला प्रतिवर्ष बड़े धूमधाम के साथ आयोजित किया जाता है। यह मेला बंगला नववर्ष यानी वैशाख माह के आगमन के उपलक्ष्य में आयोजित होता है, जो स्थानीय आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। इस मेले की सबसे खास और आकर्षक परंपरा वह अनोखा दृश्य है, जिसमें एक श्रद्धालु अपने पीठ में बंसी (लोहे की हुक) के सहारे झूलते हुए परिक्रमा करता है। इस अद्भुत और रोमांचक दृश्य को देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ ने मेले की परंपरा और सांस्कृतिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति और आस्था को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के पारंपरिक मेलों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता को भी बढ़ावा मिलता है।
मौके पर झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली, काजू मल्लिक, एकलाकुर रहमान, किन्नू सोरेन सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समिति एवं ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।


