
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के शुभारंभ अवसर पर राजमहल स्थित सूर्यदेव घाट पर “एक घंटा श्रमदान अपने देश के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा तट की स्वच्छता सुनिश्चित करना तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो के ब्रीफिंग के साथ हुई। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से गंगा तट को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत राजमहल के प्रभारी नगर प्रबंधक जितेश कुमार चौधरी एवं डीपीओ नमामि गंगे, साहेबगंज अमित मिश्रा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कन्या मध्य विद्यालय नील कोठी, प्लस टू जेके उच्च विद्यालय तथा प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा तट पर श्रमदान किया। इसके साथ ही विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं, नगर पंचायत राजमहल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने गंगा तट की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे गंगा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा स्वच्छता के प्रति सदैव जागरूक रहें।
यह कार्यक्रम गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




