अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना विशेश्वरगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया, दिए आवश्यक निर्देश।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बहराइच। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह द्वारा थाना विशेश्वरगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर में सलामी ग्रहण कर भवन, बैरक, आवासीय व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई का जायजा लिया गया तथा मरम्मत एवं रख-रखाव कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, विभिन्न रजिस्टर, विवेचना कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, मेस व सीसीटीएनएस शाखा का गहन अवलोकन किया गया। महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का विधिवत पंजीकरण कर त्वरित कार्यवाही एवं पीड़ितों से नियमित फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। महिला आगंतुकों की सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय व बैठने की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
मालखाना निरीक्षण के दौरान शस्त्र-अस्त्र, एम्यूनिशन व अन्य सरकारी संपत्ति की जांच की गई। एक्सपायरी एम्यूनिशन को नियमानुसार बदलने, शस्त्रों की हिस्ट्री शीट अद्यतन रखने तथा मालखाना अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। थाने पर जब्त खड़े वाहनों के निस्तारण हेतु आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शीघ्र पूरी कराने को कहा गया।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, गंभीर अपराधों में प्रगति लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था व प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।




