हरिद्वार में वन विभाग का बड़ा एक्शन! लकड़ियों से भरा ट्रक सीज, टीम को देख आरोपी फरार।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पेड़ों की कटाई और लकड़ी के अवैध कारोबार के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर लकड़ी कटाई में शामिल लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने लकड़ियों से भरे एक ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। ट्रक से आम, शीशम और सिम्बल की लकड़ी बरामद होने की बात सामने आई है। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद लकड़ी कटाई के मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
चालक और अन्य लोगों की पहचान में जुटा विभाग
वन विभाग अब ट्रक चालक और लकड़ी कटाई में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लकड़ी कटाई और उसके परिवहन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पेड़ों की कटाई किसकी अनुमति से की जा रही थी और बरामद लकड़ी के परिवहन से जुड़े दस्तावेज वैध थे या नहीं।
वन विभाग की कार्रवाई से अवैध कटाई और लकड़ी के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

