एटा में बाबा डेयरी पर खाद्य विभाग का छापा, 176 टीन घी सीज; 100 किलो मक्खन नष्ट कराया गया।

रिपोर्ट:- शिवा वर्मा संपादक
एटा। त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की जांच के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित बाबा डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने 176 टीन देशी घी सीज कर दिए, जबकि 100 किलो मक्खन मौके पर नष्ट कराया गया।
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने डेयरी में खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान घी के दो और मक्खन का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, खुले डिब्बों में रखे मक्खन के दूषित होने की आशंका के चलते उसे नष्ट कराया गया। वहीं, 176 टीन घी को सीज कर दिया गया है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्ला भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हलचल मची हुई है। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।




