हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के तहत संस्कृति विभाग लखनऊ से आयी कलाकार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोहा।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
बाराबंकी। सरकार के मंशानुसार आजादी के 75वें वर्षगांठ के अवसर पर ’’आजादी का अमृत महोत्सव’’ के अन्तर्गत ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के तहत 11 से 17 अगस्त 2022 के मध्य ’’स्वतंत्रता सप्ताह’’ का आयोजन किया जा रहा है। तथा 11 से 15 अगस्त, 2022 तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत स्वतंत्रता सप्ताह के चौथे दिन रविवार को कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी, कार्यालय बंकी के हाल में आयोजित किया गया। इस दौरान संस्कृति विभाग, लखनऊ से आयी मुख्य कलाकार सुश्री अनमेहा गुप्ता जी द्वारा ’’देवी वन्दना’’ से प्रस्तुती कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए ने कहा कि सरकार की मंशानुसार देश एवं प्रदेश में ’’आजादी का अमृत महोत्सव’’ के तहत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव देश के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का मूल सूत्र है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जो देशभक्ति का जज्बा देखा गया, वह अभूतपूर्व था। उन्होने कहा कि उसी जोश को हमें अपनी आज की पीढ़ी में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण के लिए आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश में आजादी का अमृत महोत्सव देशभक्ति के जोश का माहौल तैयार कर रहा है और यह राष्ट्र निर्माण के साथ हमारे युवाओं के भावनात्मक जुड़ाव को स्थापित करने का एक सुनहरा अवसर है।

कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा अनेक राष्ट्रभक्ति गीत ’’गांधी जी का चरखा गीत, सुराजी गीत, “दुश्मन भाग गइल, देश आजाद भइल”, ’’ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का’’, ’’देश की वन्दना के लिए साथियों’’, ,’’सन्देशे आते है, हमें तड़पाते है’’ सहित अन्य कई देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रोताओं के जनसैलाब द्वारा तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंज गया। उल्लेखनीय है कि संस्कृति विभाग, लखनऊ से आयी कलाकार सुश्री अनमेहा गुप्ता जी आकाशवाणी की भी जानी-मानी कलाकार है।
कार्यक्रम के दौरान प्रभात स्वर संगीत के कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुती की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।
कार्यक्रम समाप्त होने पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए ने धन्यवाद ज्ञापित किया और संस्कृति विभाग लखनऊ से आयी कलाकार को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, पीओ डूडा, अपर जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।




