
रिपोर्टर :– उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।असम के कोकराझार में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके कार्यक्रम से पहले ही एमएसडी स्पोर्ट्स ग्राउंड में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा मैदान जनसमूह से खचाखच भर गया।
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए विकास, जनकल्याण योजनाओं और क्षेत्रीय समन्वय जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए लोगों का विश्वास बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर राजमहल के विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने भी सभा को संबोधित किया और अपने विचार साझा किए।
सभा में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और बीच-बीच में समर्थन में नारे भी लगाए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे आयोजन में शांति और व्यवस्था बनी रही।
कोकराझार में आयोजित इस जनसभा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों की भारी भागीदारी ने कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बना दिया।




