
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष की बच्चियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 30 मार्च से शुरू होकर अगले तीन महीनों तक संचालित किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में ही लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 14,394 बच्चियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे शहर सहित सभी प्रखंडों में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह टीका केवल उन्हीं बच्चियों को दिया जाएगा जिनकी आयु ठीक 14 वर्ष है — न इससे कम और न ही 15 वर्ष से अधिक।
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सीएचसी बरहरवा में 2,272, बरहेट में 1,551, बोरियों में 2,181, पतना में 1,030, एसडीएच राजमहल में 2,094, सीएचसी साहिबगंज सदर में 2,037, तालझारी में 979 तथा उधवा में 2,251 बच्चियों को टीका लगाया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्कूलों में शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे इस टीकाकरण के महत्व को समझें और अपनी बच्चियों को इसमें शामिल करें।
सिविल सर्जन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस अभियान का लाभ दिलाएं, जिससे उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
इस मौके पर डॉ. किरण माला भी उपस्थित थीं।




