
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
परिवार की खुशहाली में महिलाओं का योगदान सबसे ज्यादा।
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। परिवार की खुशहाली में महिलाओं का सबसे ज्यादा योगदान होता है, जागरूक माता ही घर की भाग्य विधाता होती है। बच्चों की जैसी परिवरिश माताएं करेंगी, देश का भविष्य वैसा ही होगा। यह विचार चाइल्ड लाइन 1098 द्वारा बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम रामपुर स्वासा में आयोजित ओपेन हाउस मीटिंग व जागरूकता कार्यक्रम में निदेशक रत्नेश कुमार ने व्यक्त किए। मिशन शक्ति को लेकर महिला व बाल सुरक्षा के नियमों की वृहद जानकारी दी और कहा कि परिवार में बच्चों के साथ बाल मित्र व्यवहार हो, बच्चो की गरिमा का ध्यान रखा जाए, बच्चों भागीदारी और सर्वांगीण विकास से परिवार में खुशहाली आएगी, यह दायित्व माताओं के ऊपर है। उन्होंने गरीबी दूर करने के लिए दुर्व्यसनों को छोड़ने, नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए गांव के एक व्यक्ति का उदाहरण देकर बताया कि एक व्यक्ति अपने जीवन मे औसत साढ़े छह लाख रुपए का नशा पी जाता है, जिससे पैसा तो बर्बाद ही हुआ घर परिवार में कलह और बीमारी बढ़ती है। रत्नेश कुमार ने बच्चो बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दस टिप्स बताये। वरिष्ठ पत्रकार भोलानाथ मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की आत्म निर्भरता के लिये स्वयं सहायता समूह एक सशक्त माध्यम है, महिलाओं को अपनी कमजोरी, हीनभावना को दूर करने के लिए आर्थिक रूप से मजबूत व सशक्त होना पड़ेगा। प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि गांव में करीब 35 परिवार अत्यंत गरीबी से जूझ रहे हैं, उनके पास आवास नही, पीने के पानी के लिए गांव में एक ही हैंडपंप जिससे पूरा गांव उसी पर आश्रित है, किसी के पास शौचालय नही आदि कई समस्याएं हैं जिसके लिए जिला प्रशासन को संवेदित किया जाना चाहिए। पूर्व विधायक स्व0 नन्हेलाल कुरील के सुपुत्र व्यवसाई व समाजसेवी गंगाराम कुरील ने गांव में पीने के पानी के लिए समरसेबल पम्प दान में देने की घोषणा की। थाना असन्दरा के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी बृजेश बहादुर सिह ने बाल व महिला सुरक्षा के लिए पुलिस के दायित्वों को बताया और कहा कि पुलिस बच्चो के लिए मित्रवत व्यवहार करती है, उनकी सुरक्षा के लिए संवेदनशील है। उपनिरीक्षक ब्रहमानंद मो सरवर खान, सहायक बाल कल्याण पुलिस अधिकारी रीति रानी, आरक्षी आकाश सिंह ने भी महिला सुरक्षा की जानकारी दी। आईसीडीएस की मुख्य सेविका बबिता श्रीवास्तव ने पोषण व टीकाकरण की जानकारी दी।
चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक जियालाल ने विपरीत परिस्थितियों व संकट में पड़ने पर चाइल्ड लाइन 1098 पर फोन कर मदद लेने के लिए प्रक्रिया बताई। टीम लीडर अवधेश कुमार ने हेल्पलाइन नम्बरों 1098, 112, 1076, 1033, 101 आदि की जानकारी दी और कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में पधारे प्रेस क्लब के अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा, सचिव राकेश श्रीवास्तव के कर कमलों से सभी 150 ग्रामीण महिलाओं पुरुषों को सहजन का पौध वितरित किया गया और उसके फायदे बताये गए। सहजन की कुपोषण को दूर करने में अहम भूमिका है। डीआरडीए के परियोजना अधिकारी भोलानाथ कनौजिया व जिला वन अधिकारी को सहजन के पौधे उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं व पुरुषों, बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए संकल्प दिलाकर, पौधों को रोपित करने व उनकी देखभाल के लिए भी जागरूक किया गया। इस मौके पर चाइल्ड लाइन से अखिलेश कुमार, राम कैलाश, अंजली जायसवाल, वन्दना देवी व पूर्व प्रधान विजय कुमार, ईश्वर स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष शिवदेवी गौतम सचिव सहित कई समूहों की एक सैकड़ा महिलाएं, बच्चे व ग्रामीण उपस्थित रहे।



